दिल्ली: रविवार देर शाम सिख ग्रामीण सेवा चालक और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई
दिल्ली के मुखर्जी नगर थाने के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. रविवार देर शाम सिख ग्रामीण सेवा चालक और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई. इस बीच चालक सरदार ने तलवार निकाल ली. इसके बाद पुलिसवालों ने इकट्ठा होकर बीच रोड पर चालक सरदार और उसके बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी. करीब आधे घंटे तक मुखर्जी नगर मेन रोड पर चालक सरदार को पुलिस पीटती रही. सरदार को कोई लाठी से मार रहा था, कोई डंडा से तो कोई लात घूसों से उनकी पिटाई कर रहा था. तो वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों द्वारा चालक सरदार और उसके बेटे की पिटाई का वीडियो बना लिया. जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
इस घटना को लेकर गुस्साए लोगों ने इनर रिंग रोड को जाम कर दिया और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग सड़क पर आ गए और मुखर्जी नगर थाने के बाहर जबरदस्त हंगामा किया. गुरुद्वारा सिख प्रबंधक कमेटी से मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौके पर पहुंचे और सिख की पिटाई और पग के अपमान के कारण पुलिसकर्मियों पर हत्या की कोशिश का मुकद्दमा दर्ज करने की मांग की. इसके बाद मामले को लेकर देर रात इलाके के डीसीपी ने तीन पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया.
वहीं, पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 6:00 बजे ग्रामीण सेवा चालक और एक पुलिसकर्मी के बीच झड़प हुई. विवाद इस कदर बढ़ गया कि ग्रामीण सेवा चालक ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया, जिसमें उसको चोट भी आई. वीडियो में देखा जा सकता है कि मामले में सिख चालक भी शुरुआत में कानून हाथ में लेकर जानलेवा हमला करते नजर आ रहा है, तो वहीं, वर्दी में पुलिसकर्मी हाथ में पिस्टल लेकर सड़क पर मारपीट कर रहे थे.

0 Comments