जी-20 सम्मेलन: जापान के ओसाका पहुंचे पीएम मोदी, ऐसे हुआ जोरदार स्वागत

जी-20 सम्मेलन में भाग लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के ओसाका पहुंच गए हैं।

ओसाका। जी-20 सम्मेलन में भाग लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के ओसाका पहुंच गए हैं। इससे पहले ओसाका एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट पर मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां खड़े बच्चों से भी मुलाकात की। 
बता दें कि पीएम मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को लेकर चर्चा होगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक पीएम मोदी जापान के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा ब्रिक्स देशों के राष्ट्र प्रमुखों की बैठक भी होनी तय है।
g-20 summit
जापान के दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके एजेंडे में महिला सशक्तीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आतंकवाद से लड़ेने की चुनौतियों जैसे अहम मुद्दे ज्यादा होंगे। जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ओसाका के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर एक ट्वीट किया। ट्रंप ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी के साथ बात करने के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका पर बहुत अधिक शुल्क लगा रहा है, अभी हाल ही में शुल्क में और वृद्धि की गई है। यह अस्वीकार्य है और शुल्क को वापस लेना चाहिए।
वहीं इस बार छठी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्‍मेलन का हिस्‍सा बनेंगे। इस सम्‍मेलन में उठने वाले ट्रेड वार के मुद्दे को लेकर भारत चिंतित है। इस मुद्दे को भी उठाने वाला अमेरिका ही है। अमेरिका का चीन के साथ-साथ भारत से भी ट्रेड वार चल रहा है। अमेरिका चाहता है कि उसके यहां से आने वाले सामान पर किसी तरह का कोई कर न लगाया जाए।
साथ ही वैश्विक मंच होने की वजह से यहां पर उठने वाले सभी मुद्दे खास अहमियत रखते हैं। अमेरिका के लिए यह मंच इसलिए बेहद खास है क्‍योंकि यहां से उठी आवाज सभी देशों के लिए होती है। यहां पर राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप जो कुछ कहेंगे वह दूसरे देशों के लिए भी स्‍पष्‍ट इशारा होगा और कुछ देशों के लिए चेतावनी भी होगी।
जी-20 सदस्यों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपियन यूनियन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल है। जी-20 में दुनिया का 80 प्रतिशत व्यापार, दो-तिहाई जनसंख्या और दुनिया का करीब आधा हिस्सा शामिल है।

Post a Comment

0 Comments